ओडिशा के बौध जिले के कंटामाल क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पानी के टैंकर में छिपाकर ले जाए जा रहे लगभग दो क्विंटल गांजा को जब्त किया है।
विशेष सूचना के आधार पर कंटामाल पुलिस ने मंगलवार को टिकिरापड़ा रोड के पास एक ट्रैक्टर और उससे जुड़े पानी के टैंकर को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान पुलिस उस समय हैरान रह गई, जब टैंकर में पानी की जगह भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा हुआ मिला।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में टैंकर को खोला गया और उसके अंदर से गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर, पानी के टैंकर और जब्त किए गए गांजा को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
कंटामाल थाना प्रभारी (आईआईसी) प्रकाश भोई ने मीडिया को बताया कि जब्त गांजा की सटीक मात्रा का पता विधिवत तौल के बाद चल सकेगा। उन्होंने कहा कि इस खेप को कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जांच जारी है।