ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति ने बुधवार को भुवनेश्वर स्थित लोक भवन में इंडियन आइडल सीजन-16 की विजेता और ओडिया गायिका ज्योतिर्मयी नायक को सम्मानित किया।
राज्यपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि ज्योतिर्मयी ने अपनी प्रतिभा, समर्पण और मेहनत के बल पर ओडिशा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
उन्होंने लिखा, "लोक भवन में इंडियन आइडल सीजन-16 की विजेता ज्योतिर्मयी नायक का सम्मान करना मेरे लिए खुशी की बात है। उनकी असाधारण प्रतिभा, समर्पण और दृढ़ता ने ओडिशा को गौरवान्वित किया है और राज्य की समृद्ध संगीत परंपरा को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है। मुझे विश्वास है कि उनकी प्रेरणादायक यात्रा अनेक युवा कलाकारों को अपने सपनों को जुनून और दृढ़ संकल्प के साथ पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी। मैं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।
ज्योतिर्मयी नायक ने अपनी दमदार गायकी से देशभर के दर्शकों का दिल जीता है और राष्ट्रीय मंच पर ओडिशा की संगीत परंपरा का प्रतिनिधित्व कर राज्य को नई पहचान दिलाई है।
सम्मान समारोह में कई अधिकारी और शुभचिंतक मौजूद रहे, जिन्होंने ज्योतिर्मयी नायक को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दी।