बिहार में मानसून की सक्रिय है। राजधानी पटना समेत कई जिलों में लगातार हो रही है तेज बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है। बादलों की मौजूदगी और हल्की बूंदों ने तापमान को नियंत्रण में रखा है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान पूरे राज्य में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। राजधानी सहित सभी जिलों में कई स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।
गया, रोहतास, बक्सर, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, सिवान, अररिया, कटिहार और सीतामढ़ी जिलों में मेघगर्जन व वज्रपात के साथ भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है। दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों में ठनका को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। अगले दो-तीन दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। मानसून ट्रफ की स्थिति और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आसपास बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से बादल बरसते रहेंगे।
पिछले एक दिन में मधुबनी के बेनीपट्टी में सबसे अधिक 135 मिलीमीटर वर्षा हुई। पूर्णिया के बनमखी में 119, मधुबनी के सौलीघाट में 118।8, गया के शेरघाटी में 114 और पूर्वी चंपारण के मधुबन में 110 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कई अन्य स्थानों पर भी 50 मिलीमीटर से अधिक वर्षा हुई।