ओडिशा के भद्रक जिले के बासुदेवपुर इलाके में रविवार को उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब 15 वर्षीय एक किशोर की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हे विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। मृतक की पहचान मुकेश बारिक (15) के रूप में हुई है, जो पद्मपुर पंचायत के मलिकसाही गांव निवासी देबकांत बारिक के पुत्र थे। यह इलाका बासुदेवपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
रिपोर्ट के अनुसार, मुकेश खेलते समय अपने दाहिने पैर में चोट लगने के बाद इलाज के लिए बासुदेवपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया था। हालांकि, प्राथमिक उपचार के बाद ही उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य केंद्र में सही इलाज नहीं मिलने के कारण उसकी जान गई। इस आरोप के बाद गुस्साए लोगों ने अस्पताल परिसर में परिजनों, स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति पैदा हो गई।
बाद में प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर टायर जलाकर विरोध जताया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले की जांच जारी है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की सत्यता की पुष्टि की जा सके।