ओडिशा की उपमुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री प्रभाति परिडा ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात सुभद्रा योजना की पांचवीं किस्त जारी होने से पहले हुई है। बैठक के दौरान परिडा ने प्रधानमंत्री को सुभद्रा योजना की पांचवीं किस्त के वितरण की तैयारियों की जानकारी दी। यह किस्त 28 अगस्त 2026 को राखी पूर्णिमा के अवसर पर ओडिशा के नयागढ़ से जारी की जाएगी।
पांचवीं किस्त के तहत प्रत्येक पात्र महिला लाभार्थी के खाते में डीबीटी के माध्यम से 5,000 रुपये भेजे जाएंगे। ताजा तैयारियों के अनुसार, राज्य की 1,03,26,162 पात्र महिला लाभार्थियों को इस किस्त का लाभ मिलेगा। इसके लिए कुल 5,160 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि सभी पात्र लाभार्थियों तक सहायता राशि समय पर और बिना किसी परेशानी के पहुंचाने के लिए राज्य सरकार की ओर से कई स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। इसके तहत लाभार्थियों का सत्यापन, ई-केवाईसी, आधार से जुड़े बैंक खाते, एनपीसीआई मैपिंग और अन्य बैंकिंग व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि किसी भी पात्र लाभार्थी को राशि मिलने में देरी न हो।
परिडा ने प्रधानमंत्री को पांचवीं किस्त के महत्व के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह किस्त ओडिशा की महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और वित्तीय समावेशन के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 सितंबर 2024 को भुवनेश्वर में सुभद्रा योजना की शुरुआत की थी। ओडिशा सरकार की इस प्रमुख महिला-केंद्रित योजना के तहत पात्र महिलाओं को पांच वर्षों में कुल 50,000 रुपये की वित्तीय सहायता देने का प्रावधान है। इसके तहत हर साल 10,000 रुपये दो बराबर किस्तों में, यानी 5,000-5,000 रुपये, डीबीटीके माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजे जाते हैं।
सुभद्रा योजना की पांचवीं किस्त का जारी होना इसके क्रियान्वयन में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। इससे राज्य सरकार के महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाने और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।