ओडिशा टी-20 लीग-सीएम ट्रॉफी का आगाज 20 सितंबर को ऐतिहासिक बारबाटी स्टेडियम में होगा। ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन (ओसीए) ने बताया कि 10 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी।
टूर्नामेंट 20 से 29 सितंबर तक चलेगा और इसमें कुल 17 मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में भुवनेश्वर टाइगर्स, पुरी टाइटंस, केंदुझर माइनर्स, राउरकेला सुपरस्टार्स, संबलपुर वॉरियर्स और कटक पैंथर्स की टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी।
ओसीए अध्यक्ष पंकज लोचन महंती ने कहा कि यह लीग ओडिशा के क्रिकेटरों, खासकर युवा खिलाड़ियों के लिए प्रतिस्पर्धी टी-20 क्रिकेट खेलने, दबाव की परिस्थितियों में प्रदर्शन करने और महत्वपूर्ण मैच अनुभव हासिल करने का बेहतरीन मंच साबित होगी।
महंती ने कहा कि यह लीग ओडिशा क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है। इससे हमारे खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी टी-20 क्रिकेट खेलने, दबाव में प्रदर्शन करने और मूल्यवान अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
ओसीए सचिव संजय बेहरा ने कहा कि टूर्नामेंट का उद्देश्य राज्य में क्रिकेट की अगली पीढ़ी के लिए बेहतर अवसर तैयार करना है। युवा खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलेगा, जिससे वे खेल के उच्च स्तर के लिए खुद को तैयार कर सकेंगे।
टूर्नामेंट के अंतिम दिन महिला क्रिकेट का एक प्रदर्शनी मुकाबला भी आयोजित किया जाएगा। इससे महिला क्रिकेटरों को बारबाटी स्टेडियम में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार, छह टीमों के बीच खिताब के लिए होने वाली इस प्रतियोगिता से उभरते खिलाड़ियों को घरेलू दर्शकों के सामने खेलने का अनुभव मिलेगा और ओडिशा के क्रिकेट इकोसिस्टम को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।