बिहार के समस्तीपुर जिले में आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है। लूट,हत्या और छिनतई की घटनाओं के बीच कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन बदमाशों ने युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घायल युवक की पहचान मधुरापुर टारा गांव निवासी स्वर्गीय राइ साहब सहनी के पुत्र रजनीश कुमार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार,मंगलवार की देर शाम रजनीश कुमार बाइक से माधोपुर भुआल की ओर से बूढ़ी गंडक तटबंध के रास्ते अपने घर मधुरापुर घाट लौट रहा था। इसी दौरान सानिया बाहा श्मशान के समीप बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उसे जबरन रोक लिया। बताया जाता है कि इस दौरान रजनीश और बदमाशों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी बीच एक बदमाश ने पिस्तौल निकालकर रजनीश के मुंह में गोली मार दी। गोली लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि,वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कल्याणपुर पहुंचाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया। बताया गया कि गोली उसके जबड़े में फंसी हुई थी। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक डॉ. राजकुमार ने उसे बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH)रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वारदात के पीछे की वजह क्या थी इसकी जानकारी पुलिस जुटाने में लगी हुई है।