राज्योत्सव में एयर शो से पहले सीएम साय से मिली सारंग टीम

  • Oct 28, 2026
Khabar East:Sarang-team-meets-CM-Sai-ahead-of-air-show-at-State-Festival-Rajyotsav
रायपुर,28 अक्टूबरः

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दौरान दो नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम हवाई करतब दिखाएगी। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस एयर शो में पांच हेलीकॉप्टर एक साथ आसमान में अलग-अलग संरचनाएं बनाते हुए उड़ान भरेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से बुधवार को रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में टीम के सदस्यों ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्योत्सव में टीम की भागीदारी को प्रदेश के लिए गौरव की बात बताया।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का आगमन प्रदेशवासियों के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव की बात है। भारतीय वायु सेना अपने अदम्य साहस, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट पेशेवर दक्षता के लिए विश्वभर में सम्मानित है। सारंग टीम का हवाई प्रदर्शन इन गौरवशाली परंपराओं का जीवंत परिचय कराएगा। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित यह एयर शो छत्तीसगढ़वासियों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों के लिए अविस्मरणीय अनुभव होगा।

 मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों का शौर्य और पराक्रम प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है। सारंग टीम के पायलट जिस साहस, सटीकता और आपसी समन्वय के साथ आसमान में कठिन हवाई करतब प्रस्तुत करते हैं, वह उनके कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन और उत्कृष्ट टीम भावना का परिचायक है। यह प्रदर्शन युवाओं को बड़े सपने देखने, चुनौतियों का सामना करने और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

 गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम द्वारा भव्य एयर शो प्रस्तुत किया जाएगा। सुबह 11 बजे से प्रारंभ होने वाले इस विशेष हवाई प्रदर्शन में पांच हेलीकॉप्टर आसमान में अद्भुत सामंजस्य, सटीक उड़ान और साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेंगे।

Author Image

Khabar East

  • Tags: