बिहार में सीएम आवास व सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी

  • Jul 22, 2026
Khabar East:Threat-to-blow-up-CMs-residence-and-Secretariat-in-Bihar-with-a-bomb
पटना,22 जुलाईः

बिहार में ई-मेल भेजकर प्रदेश सचिवालय और मुख्यमंत्री आवास को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि यह ई-मेल कई महत्वपूर्ण सरकारी ईमेल पतों पर भेजा गया, जिनमें बिहार के स्थानिक आयुक्त (दिल्ली) और राज्य सचिवालय के विभिन्न विभाग शामिल हैं। घटना की पुष्टि करते हुए पटना (मध्य) की पुलिस अधीक्षक (एसपी) ममता कल्याणी ने कहा, ''पटना में महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल अधिकारियों को प्राप्त हुआ है।

 उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद शहर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एसपी ने कहा कि हम ई-मेल के स्रोत का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं। इसके आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ई-मेल भेजने वाले ने खुद को खालिस्तान समर्थक संगठन से जुड़ा बताया है और कहा है कि वह सिख अलगाववादी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का बदला लेना चाहता है।

 निज्जर की जून 2023 में कनाडा के सरे में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ईमेल भेजने वाले ने यह निराधार आरोप भी लगाया कि उस समय कनाडा में भारत के उच्चायुक्त रहे अधिकारी निज्जर की हत्या के लिए जिम्मेदार थे। ईमेल में यह भी आरोप लगाया गया है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार उक्त अधिकारी को पटना में छिपाकर रखे हुए है। इसमें चेतावनी दी गई है कि राज्य की राजधानी पटना में मानव बम के जरिए उनकी हत्या कर दी जाएगी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: