ओडिशा में बुधवार को कोविड-19 का एक नया मामला सामने आया। ब्रह्मपुर की एक महिला कोविड-19 से संक्रमित पाई गई है। उसे ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर बताते हुए चिंता की कोई बात नहीं होने की जानकारी दी है। संक्रमित महिला को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक प्रो. सुदीप दास ने बताया कि महिला की कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है और उसकी स्थिति पूरी तरह स्थिर है।
प्रो. दास ने कहा कि एक कोविड-19 संक्रमित मरीज को भर्ती कर आइसोलेशन में रखा गया है। उसकी हालत स्थिर है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में फैल रहा कोविड-19 का स्ट्रेन अन्य मौसमी श्वसन संक्रमणों के समान है और यह किसी गंभीर बीमारी या खतरनाक वैरिएंट से जुड़ा हुआ नहीं प्रतीत होता।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान कई लोगों को खांसी, जुकाम और वायरल संक्रमण होते हैं। अब कोविड-19 भी सामान्य श्वसन वायरस की तरह व्यवहार कर रहा है। लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनना, हाथों की स्वच्छता बनाए रखना और लक्षण बने रहने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जैसी बुनियादी सावधानियां जारी रखनी चाहिए।
प्रो. दास ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी नए या अत्यधिक घातक कोविड-19 वैरिएंट के प्रसार का कोई प्रमाण नहीं मिला है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की।