बिहार में चुनावी सरगर्मी के बीच मोकामा के विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ गई है। पटना पुलिस ने मोकामा और बाढ़ इलाके में अलग-अलग घटनाओं को लेकर तीन मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन और विधि-व्यवस्था से जुड़े आरोप शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, चुनाव प्रचार के दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की है। तीन अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है।इन मामलों में मोकामा विधायक अनंत सिंह के साथ जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह समेत अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस संबंधित घटनाओं की जांच कर रही है। चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित कराने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में सामने आए मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है। हालांकि, इन मामलों में सभी आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने तीन मामलों में एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद मोकामा और बाढ़ क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों पर सबकी नजरें टिकी हैं। अनंत सिंह और जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह से जुड़े इन मामलों को चुनावी माहौल के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
फिलहाल, पुलिस की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई का इंतजार है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले में शामिल लोगों की कानूनी मुश्किलें बढ़ सकती है।