ऑपरेशन 'नवजीवन-2' के तहत झारखंड में 16 नक्सलियों ने किया सरेंडर

  • Jul 28, 2026
Khabar East:16-Naxalites-surrendered-in-Jharkhand-under-Operation-Navjeevan-2
रांची,28 जुलाईः

झारखंड पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन 'नवजीवन-II' के तहत प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के 16 सक्रिय नक्सलियों ने मंगलवार को झारखंड पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में संगठन के विभिन्न स्तरों के कमांडर और दस्ता सदस्य शामिल हैं। इनके पास से 11 हथियार तथा 1562 गोलियां भी बरामद हुई हैं। डीजीपी तदाशा मिश्र के अनुसार, झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन और झारखंड जगुआर के संयुक्त अभियान के कारण माओवादी संगठन पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। दूसरी ओर, झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर कई नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौट रहे हैं।आत्मसमर्पण करने वाले 16 नक्सलियों में 11 पुरुष और 5 महिलाएं शामिल हैं। इनमें एक रीजनल कमेटी सदस्य (RCM), तीन जोनल कमेटी सदस्य (ZCM), तीन सब-जोनल कमेटी सदस्य (SZCM), छह एरिया कमेटी सदस्य (ACM) तथा तीन दस्ता सदस्य शामिल हैं। ये सभी कोल्हान और सारंडा के दुर्गम जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय थे तथा संगठन के शीर्ष नेताओं मिसिर बेसरा उर्फ सागर जी और असीम मंडल की टीम से जुड़े बताए गए हैं।

 आईजी सीआरपीएफ साकेत सिंह ने बताया कि इसी दस्ते के आठ अन्य कमांडर और सदस्य भी छत्तीसगढ़ में आत्मसमर्पण कर चुके हैं। आत्मसमर्पण करने वाले 15 नक्सली झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा), लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, खूंटी, बोकारो, रांची, सरायकेला और गिरिडीह जिलों के निवासी हैं। जबकि एक सदस्य ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले का रहने वाला है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: