भुवनेश्वर के कटक-पुरी बाइपास पर केशुरा के पास सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक के बाद एक 5-6 बाइकों से टकरा गई। इस हादसे में कई बाइक सवार घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक लापरवाही से तेज गति में वाहन चला रहा था। इसी दौरान कार ने एक के बाद एक कई बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक कार को सड़क पर छोड़कर बस में सवार होकर भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और मौके पर ही उसकी पिटाई कर दी।
सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और भीड़ से चालक को बचाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान इलाके में कुछ समय तक तनाव बना रहा।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि चालक शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।