ओडिशा में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, अगले 48 घंटों तक कोई राहत नहीं

  • Apr 19, 2024
Khabar East:Extreme-Heatwave-Continues-To-Singe-Odisha-No-Change-In-Weather-For-Next-48-Hours
भुवनेश्वर,19 अप्रैलः

ओडिशा में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। इधर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय ने शुक्रवार को राज्य के 18 जिलों में अत्यधिक लू के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम की स्थिति अगले 48 घंटों तक ऐसे ही जारी रहेगी और लोगों को असुविधाजनक मौसम से बचने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

 मौसम कार्यालय के अनुसार, मयूरभंज, अंगुल, नयागढ़, खुर्दा, कटक, बौध, जगतसिंहपुर, भद्रक, केंद्रापड़ा, बालेश्वर, जाजपुर, ढेंकानाल, गंजाम, नुआपड़ा, मलकानगिरी, कोरापुट, गजपति, कंधमाल और केंदुझर जिले के कई स्थानों पर तीव्र लू चलने की संभावना है।

इसी तरह सोनपुर, बलांगीर, झारसुगुड़ा, बरगढ़ और कलाहांडी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, आज बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रापड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजाम और गजपति में एक या दो स्थानों पर गर्म और आर्द्र स्थिति रहने की संभावना है।

 मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि आज राज्य के कई स्थानों पर दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार करने की संभावना है। इसके अलावा कुछ जगहों पर पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

बता दें कि कल यानी गुरुवार को भुवनेश्वर 43.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान था, जबकि 31 स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया था।

Author Image

Khabar East

  • Tags: