ओडिशा सरकार राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने, इलेक्ट्रॉनिक प्रिस्क्रिप्शन को बढ़ावा देने और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक नया डिजिटल हेल्थ एप्लिकेशन लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग ने रविवार को कहा कि यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और एकीकृत बनाने के राज्य सरकार के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है। यह केंद्र सरकार के ‘वन नेशन, वन हेल्थ’ के विजन के अनुरूप है।
प्रस्तावित ओडिशा हेल्थ ऐप के जरिए डॉक्टरों को डिजिटल प्रिस्क्रिप्शन अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे मरीजों को लिखी गई दवाओं का इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड तैयार हो सकेगा। यह प्लेटफॉर्म मरीजों को अपनी मेडिकल जानकारी डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने में भी मदद कर सकता है और जरूरत पड़ने पर प्रिस्क्रिप्शन आसानी से उपलब्ध कराया जा सकेगा।
इस प्रणाली का एक महत्वपूर्ण संभावित उपयोग एंटीबायोटिक दवाओं के प्रिस्क्रिप्शन की निगरानी करना होगा।
महालिग के अनुसार, डॉक्टरों द्वारा लिखी गई एंटीबायोटिक समेत अन्य दवाओं की जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज की जा सकेगी। इस तरह का डेटा अधिकारियों को दवाओं के प्रिस्क्रिप्शन के पैटर्न को समझने और एंटीबायोटिक के जिम्मेदार इस्तेमाल को बढ़ावा देने में मदद कर सकता है।
महालिग ने कहा कि हमारा उद्देश्य डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना और नागरिकों के लिए सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाना है। नए ओडिशा ऐप के बारे में विस्तृत जानकारी इसके लॉन्च के समय साझा की जाएगी।
प्रस्तावित प्लेटफॉर्म ऐसे समय में सामने आया है जब ओडिशा आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के व्यापक ढांचे के तहत अपनी डिजिटल स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने की तैयारी कर रहा है।