नवनियुक्त सूचना आयुक्तों को राज्यपाल ने दिलाई पद व गोपनीयता की शपथ

  • Jul 01, 2026
Khabar East:The-Governor-administered-the-oath-of-office-and-secrecy-to-the-newly-appointed-Information-Commissioners
रांची,01 जुलाईः

काफी जद्दोजहद के बाद झारखंड में सूचना आयुक्तों का मनोनयन हो गया है। आज लोकभवन में चार नए सूचना आयुक्त अनुज सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो और शिवपूजन पाठक को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। लोकभवन के दरबार हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद बैजनाथ राम, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे। शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त सूचना आयुक्तों को पुष्पगुच्छ भेंटकर बधाई दी।

 सूचना आयुक्तों की नियुक्ति के बाद झारखंड राज्य आयोग एक बार फिर गुलजार हो गया है। नए सूचना आयुक्तों के आने के बाद यहां लंबे समय से लंबित केसों की सुनवाई शुरू होगी। गौरतलब है कि 8 मई 2020 को तत्कालीन प्रभारी मुख्य सूचना आयुक्त हिमांशु शेखर चौधरी का कार्यकाल समाप्त होते ही राज्य सूचना आयोग में सुनवाई पूरी तरह से ठप हो गई थी। सुनवाई नहीं होने की वजह से आयोग में करीब 25 हजार अपील लंबित है। यहां हर दिन जिलास्तर से करीब 100 अपील याचिका ऑनलाइन और ऑफलाइन मोड में आयोग में पहुंचता है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: