होटल की आड़ में देह व्यापार का आरोप, 16 हिरासत में

  • Oct 07, 2026
Khabar East:16-detained-over-allegations-of-running-a-sex-racket-under-the-guise-of-a-hotel
पटना,07 अक्टूबरः

पटना के नौबतपुर में पुलिस ने एक गेस्ट हाउस में चल रहे कथित देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। बिहटा-सरमेरा पथ स्थित शांति गेस्ट हाउस में मंगलवार दोपहर गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आठ युवतियों समेत कुल 16 लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें गेस्ट हाउस संचालक समेत आठ पुरुष शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, हिरासत में ली गई युवतियों में तीन नाबालिग भी हैं। पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि शांति गेस्ट हाउस की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के सत्यापन के बाद नौबतपुर थाने की पुलिस ने विशेष टीम गठित कर गेस्ट हाउस में छापेमारी की। पुलिस टीम ने अलग-अलग कमरों से युवक-युवतियों को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लिया और सभी को थाने लाकर पूछताछ शुरू की।

 प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि गेस्ट हाउस संचालक कथित तौर पर बाहर से युवतियों को बुलाता था और ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें कमरे उपलब्ध कराता था। इसके बदले ग्राहकों से मोटी रकम वसूले जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस ने छापेमारी के दौरान कुछ आपत्तिजनक सामान, मोबाइल फोन और नकदी बरामद किए जाने की जानकारी दी है।

 थानाध्यक्ष नंदन कुमार सिंह के मुताबिक, हिरासत में ली गई युवतियां अलग-अलग गांवों की रहने वाली हैं। फुलवारीशरीफ-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उमेश्वर चौधरी की निगरानी में हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गेस्ट हाउस में यह गतिविधि कब से चल रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: