राजधानी भुवनेश्वर में महज तीन दिनों के भीतर तापमान में 7.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, शहर में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है।
मौमस विभाग के अनुसार, आज सुबह 5:30 बजे भुवनेश्वर का तापमान गिरकर 17.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे पहले 24 नवंबर को तापमान 25 डिग्री, 25 नवंबर को 22.2 डिग्री और 26 नवंबर को 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
इस बीच, मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम (रात्रि) तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट का पूर्वानुमान जताया है। इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। वहीं, भुवनेश्वर और आसपास के इलाकों में मध्यम कोहरा छाए रहने की भी संभावना है।
तापमान में अचानक आई गिरावट से राजधानी में सुबह के समय ठंड का एहसास बढ़ गया है। लोग गर्म कपड़ों और हल्के कंबलों का सहारा लेने लगे हैं। खासकर सुबह टहलने निकलने वाले लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को ठंडी हवाओं के कारण अधिक परेशानी महसूस हो रही है।