नुआपड़ा उपचुनाव से पहले एक बड़ी राजनीतिक हलचल में बीजू जनता दल (बीजेडी) के वरिष्ठ नेता लम्बोदर नियाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल की उपस्थिति में उन्होंने औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
नियाल, जिन्होंने कलाहांडी लोकसभा सीट से बीजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, पार्टी के एक मजबूत उम्मीदवार माने जाते थे। उनका भाजपा में शामिल होना 11 नवंबर को होने वाले उपचुनाव में भाजपा की संभावनाओं को मजबूत करेगा।
लम्बोदर नियाल का भाजपा में शामिल होना, हाल ही में भाजपा में शामिल हुए पूर्व बीजेडी विधायक स्वर्गीय राजेन्द्र ढोलकिया के पुत्र जय ढोलकिया से मुलाकात के बाद हुआ। जय ढोलकिया के साथ लंबी चर्चा के बाद नियाल ने बीजेडी से इस्तीफा दे दिया और पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक को अपना त्यागपत्र भेजा। इसके बाद उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की और पार्टी के राज्य अध्यक्ष मनमोहन सामल की उपस्थिति में कमल (भाजपा का चुनाव चिन्ह) थामकर औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हुए।
ढोलकिया का भाजपा में शामिल होना पहले से ही पार्टी के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, और अब नियाल के शामिल होने से इस क्षेत्र में भाजपा की स्थिति और भी मजबूत होने की संभावना है।