ओडिशा सरकार शुक्रवार को ‘सीएम-किसान’ (रबी 2026-27) योजना के तहत किसानों को वित्तीय सहायता राशि वितरित करेगी। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भुवनेश्वर स्थित ओयूएटी कृषि शिक्षा सदन में आयोजित एक विशेष समारोह में लाभार्थी किसानों को सहायता राशि प्रदान करेंगे। इस योजना के तहत राज्य के 41 लाख से अधिक छोटे, सीमांत, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) और भूमिहीन किसान परिवारों को सीधे लाभ मिलेगा। लाभार्थियों के बैंक खातों में 833 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से सीधे भेजी जाएगी।
सरकार का उद्देश्य इस वित्तीय सहायता के जरिए किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं कृषि और किसान सशक्तीकरण मंत्री कनक वर्धन सिंह देव समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। वहीं, अन्य मंत्री जिलास्तरीय कार्यक्रमों में भाग लेकर किसानों को सीएम-किसान योजना की किस्त वितरित करेंगे।