मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राजद विधायक व एमएलसी का साथ मिला है। जल-जीवन-हरियाली को लेकर 19 जनवरी को बनाए जाने वाले मानव श्रृंखला में राजद और कांग्रेस के कई विधायक शामिल हो सकते हैं। कई ने तो इसका ऐलान भी कर दिया है। राजद विधायक महेश्वर यादव ने कहा है कि जल-जीवन-हरियाली के प्रति बिहार की जनता में चेतना जग गयी है। इसके लिए बनायी जा रही मानव श्रृंखला समाज हित में है। मैं इसमें शामिल होउंगा। राजद एमएलसी संजय प्रसाद ने भी नीतीश के इस अभियान का समर्थन किया है। उन्होंने तेजस्वी यादव से भी इसमें शामिल होने की अपील की। संजय ने कहा कि जल-जीवन-हरियाली हमारे जीवन से जुड़ा मुद्दा है। राजनीति छोड़ सभी दलों को इसमें शामिल होना चाहिए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह ने कहा है कि जल-जीवन-हरियाली अभियान देश और समाज हित में है। ऐसे मुद्दों को लेकर मानव श्रृंखला का बनाया जाना देश, राज्य और मानवता के हित में है। ऐसे कार्यक्रमों पर किसी प्रकार की राजनीति नहीं होनी चाहिए।