आय से अधिक संपत्ति मामले में एईई पर विजिलेंस की कार्रवाई

  • Jun 06, 2026
Khabar East:DA-Case-Five-Buildings-13-Plots-Linked-To-ITDA-AEE-Unearthed-By-Vigilance
भुवनेश्वर,06 जूनः

कंधमाल जिले के बालिगुड़ा स्थित आईटीडीए (इंटीग्रेटेड ट्राइबल डेवलपमेंट एजेंसी) के सहायक कार्यपालक अभियंता (AEE) बैकुंठनाथ बेहरा से जुड़े परिसरों पर ओडिशा विजिलेंस की छापेमारी के दौरान अब तक करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्तियों का खुलासा हुआ है। इनमें पांच बहुमंजिला इमारतें और 13 उच्च-मूल्य के भूखंड (प्लॉट) शामिल हैं।

विजिलेंस अधिकारियों ने भुवनेश्वर, मयूरभंज के बारपदा, जाजपुर जिले के धर्मशाला तथा बालिगुड़ा में बेहरा से जुड़े कुल नौ ठिकानों पर चल रही तलाशी के दौरान इन संपत्तियों का पता लगाया। यह कार्रवाई उनकी ज्ञात आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में शुरू की गई है।

विजिलेंस जांच में अब तक पांच इमारतों का पता चला है। इनमें भुवनेश्वर में स्थित चार आलीशान भवन शामिल हैं

 नीलाद्रि विहार में 10,500 वर्गफुट क्षेत्रफल का चार मंजिला भवन।

शैलश्री विहार में 1,100 वर्गफुट का तीन मंजिला भवन।

 कानन विहार में 3,750 वर्गफुट का दो मंजिला भवन।

 चंद्रशेखरपुर में 2,500 वर्गफुट का दो मंजिला भवन।

इसके अलावा, जाजपुर जिले के धर्मशाला स्थित पैतृक भूमि पर 2,500 वर्गफुट क्षेत्रफल का एक दो मंजिला मकान भी मिला है।

जांच के दौरान 13 उच्च-मूल्य के प्लॉटों का भी पता चला है। इनमें

 भुवनेश्वर के प्रमुख क्षेत्रों चंद्रशेखरपुर, शैलश्री विहार, घाटिकिया और बोमिकहाल में स्थित 7 प्लॉट

जाजपुर जिले के धर्मशाला क्षेत्र में 5 प्लॉट  तथा बारपदा में 1 प्लॉट शामिल है।

 विजिलेंस अधिकारियों ने बेहरा से जुड़े परिसरों से 2.66 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं। तलाशी के दौरान मिले सोने के आभूषणों का वजन और मूल्यांकन किया जा रहा है। वहीं, उनकी पत्नी के नाम पर संचालित दो बैंक लॉकर अभी खोले जाने बाकी हैं।

 इसके अतिरिक्त, बैंक और डाकघर जमा राशि सहित अन्य वित्तीय निवेशों की भी जांच की जा रही है। इमारतों और भूखंडों का माप एवं मूल्यांकन विजिलेंस के तकनीकी प्रकोष्ठ द्वारा किया जा रहा है।

 गौरतलब है कि 52 वर्षीय बैकुंठनाथ बेहरा ने वर्ष 1999 में जूनियर इंजीनियर के रूप में सरकारी सेवा शुरू की थी। उस समय उनका प्रारंभिक वेतन 6,000 रुपये प्रतिमाह था। वर्ष 2016 में उन्हें सहायक अभियंता (AE) पद पर पदोन्नत किया गया और फरवरी 2026 में सहायक कार्यपालक अभियंता (AEE) बनाकर आईटीडीए, बालिगुड़ा में पदस्थापित किया गया।

 विजिलेंस की तलाशी और जांच अभी जारी है। मामले में आगे और जानकारी सामने आने की संभावना है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: