रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आधुनिक तकनीक के जरिए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पूर्व तटीय रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने पुरी रेलवे स्टेशन पर एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित सुरक्षा रोबोट 'डीएससी अर्जुन' को तैनात किया है। डीएससी अर्जुन का पूरा नाम डेडिकेटेड सिक्योरिटी चेसिस एडवांस्ड रेलवे जंक्शन अंडर नेटवर्क इनेबल्ड सर्विलांस है। यह अत्याधुनिक रोबोटिक सुरक्षा प्लेटफॉर्म रथ यात्रा के दौरान स्टेशन परिसर में चौबीसों घंटे निगरानी रखने और यात्रियों को सुरक्षा संबंधी जागरूकता संदेश देने का कार्य कर रहा है।
बाहुड़ा यात्रा, सुना बेश और अधरपणा के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के पुरी पहुंचने से रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस असाधारण भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल की सहायता के लिए डीएससी अर्जुन को तैनात किया गया है, ताकि स्टेशन परिसर में प्रभावी निगरानी रखी जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
यह एआई-सक्षम रोबोट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल) तथा अन्य महत्वपूर्ण यात्री क्षेत्रों में लगातार गश्त और निगरानी करता है। साथ ही, अपने एकीकृत सार्वजनिक उद्घोषणा (पब्लिक अनाउंसमेंट) सिस्टम के माध्यम से यात्रियों को महत्वपूर्ण सुरक्षा संदेश भी प्रसारित करता है।
रोबोट यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ने और उतरने, अपने सामान की सुरक्षा करने, रेलवे ट्रैक पार नहीं करने, स्टेशन परिसर में अनुशासन बनाए रखने तथा रेलवे के सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए लगातार जागरूक करता है।
डीएससी अर्जुन अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), कंप्यूटर विज़न, मशीन लर्निंग और इंटरनेट ऑफ थिंग्सजैसी तकनीकों से लैस है। यह रेलवे सुरक्षा बल के लिए एक फोर्स मल्टीप्लायर के रूप में कार्य करता है और सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाता है।
इस रोबोट की प्रमुख विशेषताओं में एआई आधारित फेस रिकग्निशन (चेहरा पहचान प्रणाली), रीयल-टाइम भीड़ विश्लेषण (क्राउड एनालिटिक्स), यात्रियों की संख्या का आकलन, लावारिस सामान की पहचान, संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाना, लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग, सार्वजनिक उद्घोषणा तथा किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत अलर्ट जारी करना शामिल है।
इन अत्याधुनिक सुविधाओं की मदद से रेलवे सुरक्षा बल को मौके की स्थिति का तुरंत आकलन करने, तेजी से निर्णय लेने और तकनीक आधारित सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिल रही है।
पूर्व तट रेलवे ने कहा कि पुरी रेलवे स्टेशन पर डीएससी अर्जुन की तैनाती बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संचालन को अधिक सुरक्षित एवं दक्ष बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एआई आधारित निगरानी और रीयल-टाइम विश्लेषण के जरिए यह रोबोट रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की सतर्कता को और मजबूत कर रहा है, जिससे रथ यात्रा के दौरान पुरी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए यात्रा अधिक सुरक्षित, स्मार्ट और विश्वसनीय बन रही है।