कोलकाता में भी अब जल्द ही वाटर टैक्सी शुरू होने वाली है। इससे धूल व प्रदूषण की समस्या के साथ-साथ ट्रैफिक जाम से भी निजात मिलेगा। शुक्रवार को भाटपाड़ा के गोलघर में खूंटी पूजा के अवसर पर पहुंचे राज्य के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने इस बात की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए जल पथ को अधिक महत्व दिया जा रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा से पहले ही 500 सरकारी बसों को शुरू किया जाएगा। सिर्फ इतना ही नहीं उन्होंने कई जूट मिलों को फिर से खोलने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन भी दिया है। उन्होंने कहा कि वाटर टैक्सी की सेवा शुरू होने पर कोलकाता और उपनगरीय इलाकों में आवाजाही करने में आसानी होगी। इससे परिवहन के क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।
रेलवे सेवाएं बेहतर होने के बावजूद ट्रेन का कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल होता है। इसलिए राज्य सरकार बस सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है। अगर बस सेवाएं विकसित रहेंगी तो यात्री बड़े ही आसानी से अपने-अपने गंतव्यों पर पहुंच सकेंगे। इसलिए सरकारी बसों की संख्या को बढ़ाने पर ध्यान दिया जा रहा है।
अर्जुन सिंह ने बताया कि दुर्गा पूजा से पहले 500 सरकारी बसों को शुरू किया जाएगा। उन्होंने नए वर्ष की पहली तिमाही तक 1000 और बसों को शुरू करने का वादा किया है। अगले साल मार्च तक राज्य में 1500 सरकारी बसों को शुरू कर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने इशारों में बताया कि राज्य सरकार कुछ बड़ी योजना बना रही है।
अर्जुन सिंह ने कहा कि कमरहट्टी के प्रवर्तक जूटमिल और जगद्दल एआई चांपदानी जूटमिल को खोलने की कोशिशें की जा रही हैं। इन जूट मिलों के फाइन यूनिट को फिर से खोलने की दिशा में काम किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने लंबे समय से बंद पड़ी और भी दो-तीन जूट मिलों को फिर से खोलने का आश्वासन भी दिया।