छात्र आंदोलन के बीच प्रदेश के सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द

  • Jul 24, 2026
Khabar East:Leave-cancelled-for-all-police-personnel-in-the-state-amidst-student-protests
पटना,24 जुलाईः

बिहार में छात्रों के लगातार जारी प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। संभावित विरोध-प्रदर्शनों और संवेदनशील परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस मुख्यालय ने बड़ा फैसला लेते हुए बिहार पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है। यह आदेश 24 जुलाई 2026 से लागू कर दिया गया है।

 पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि अगली सूचना तक किसी भी पुलिसकर्मी को नियमित अवकाश नहीं दिया जाएगा। केवल विशेष और अपरिहार्य परिस्थितियों में सक्षम अधिकारी की अनुमति से ही छुट्टी स्वीकृत की जाएगी।

 बिहार पुलिस मुख्यालय के इस निर्णय को राज्य में लगातार बढ़ रहे छात्र आंदोलनों और विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर एहतियाती कदम माना जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से राजधानी पटना सहित राज्य के विभिन्न जिलों में छात्र अलग-अलग मांगों को लेकर सड़क पर उतर रहे हैं। कई स्थानों पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक और तनाव की स्थिति भी देखने को मिली है।

 इसी को देखते हुए शुक्रवार को राजधानी पटना में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त कर दी गई। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सरकारी कार्यालयों, सचिवालय, विधानसभा क्षेत्र, गांधी मैदान, जेपी गोलंबर, पटना विश्वविद्यालय और अन्य संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा दंगा नियंत्रण बल, क्विक रिस्पांस टीम और अन्य सुरक्षा इकाइयों को भी अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

Author Image

Khabar East

  • Tags: