पश्चिम बंगाल में लंबे समय से अटकी करीब 82,492 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को अब गति मिलने जा रही है। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नवान्न में संयुक्त बैठक के बाद ग्रामीण विकास, आवास, कृषि, महिला सशक्तिकरण और सड़क निर्माण से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं की घोषणा की। दोनों नेताओं ने कहा कि पश्चिम बंगाल का विकास, विकसित भारत के लक्ष्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे के अंतिम दिन मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ नवान्न में बैठक की। बैठक के बाद आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 82,492 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को अब आगे बढ़ाया जाएगा। भाजपा का आरोप है कि पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के असहयोग के कारण ये परियोजनाएं लंबे समय से रुकी हुई थीं। नई सरकार बनने के बाद इन परियोजनाओं के लिए सभी कानूनी और प्रशासनिक बाधाएं दूर कर दी गई हैं। इस अवसर पर राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष, कृषि मंत्री दूधकुमार मंडल सहित अन्य मंत्री भी मौजूद रहे।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पश्चिम बंगाल के विकास के बिना ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य पूरा नहीं किया जा सकता। वहीं मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से “हाथ में काम, पेट में भोजन और सिर पर छत” देने का जो वादा किया गया था, उसे अब चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि ‘विकसित भारत जी रामजी’ परियोजना के तहत 31 मार्च तक केंद्र सरकार ने 8,508 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। राज्य की हिस्सेदारी जोड़ने पर इस योजना का कुल बजट 12,064 करोड़ 50 लाख रुपये हो जाएगा।