सोशल मीडिया पर समय बर्बाद न करें, करियर पर ध्यान दें

  • Sep 05, 2026
Khabar East:Dont-Waste-Time-On-Social-Media-Focus-On-Career-CM-Majhis-Advice-To-Students-On-Teachers-Day
भुवनेश्वर,05 सितंबरः

शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने आज विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे सोशल मीडिया पर अपना बहुत अधिक समय बर्बाद न करें, किसी भी तरह के दुष्प्रचार का शिकार न बनें और दृढ़ संकल्प एवं समर्पण के साथ अपनी पढ़ाई करें। मुख्यमंत्री ने यह सलाह कटक स्थित सेकेंडरी बोर्ड हाई स्कूल में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह के दौरान विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने करियर के निर्माण पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के रूप में उनकी पहली जिम्मेदारी अच्छी तरह से पढ़ाई करना, कौशल हासिल करना और अपने साथ-साथ देश के विकास में योगदान देना है। यही हमारी शिक्षा प्रक्रिया का मूल उद्देश्य है। इसलिए उन्होंने बच्चों से कहा कि वे ऐसी हर चीज से दूर रहें, जो उनके करियर निर्माण में बाधा बन सकती है।

 शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच संबंधों पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के समय में यह संबंध अधिक मैत्रीपूर्ण होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के शिखर तक पहुंचने के लिए माता-पिता और शिक्षकों का आशीर्वाद लेने की भी सलाह दी।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मनुष्य के निर्माण की एक महान प्रक्रिया है और हमारे शिक्षक इस महान जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं। बच्चों को पवित्र गुरु-शिष्य संबंध की महत्ता समझाते हुए और भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा का कोई मुकाबला नहीं है।

 इस अवसर पर महांगा के विधायक शारदा प्रसाद प्रधान, कटक सदर के विधायक प्रकाश चंद्र सेठी, चौद्वार-कटक के विधायक सौविक बिस्वाल, बांकी के विधायक देवी रंजन त्रिपाठी, स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग के आयुक्त-सह-सचिव डॉ. एन. तिरुमाला नाइक, कटक के जिलाधिकारी शिंदे दत्तात्रेय भाऊसाहेब, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष श्रीकांत तराई, सेकेंडरी बोर्ड स्कूल के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार सतपथी सहित विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और पूर्व छात्र उपस्थित थे।

Author Image

Khabar East

  • Tags: