जगतसिंहपुर में नकली गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

  • Jun 13, 2026
Khabar East:Fake-Gutkha-Manufacturing-Unit-Busted-In-Jagatsinghpur-Three-Arrested
जगतसिंहपुर,13 जूनः

अवैध तंबाकू उत्पादों के निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जगतसिंहपुर जिला प्रशासन और कुजंग पुलिस ने कुजंग थाना क्षेत्र के अलीगढ़ स्थित एक आवासीय परिसर में चल रही अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुबास स्वाईं (50), पूर्णचंद्र बेउरा (52) और बिजय मुदुली (54) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सुभाष स्वाईं इस अवैध यूनिट का मुख्य संचालक था, जबकि अन्य दोनों आरोपी गुटखा के निर्माण और पैकेजिंग में उसकी मदद कर रहे थे।

 विश्वसनीय सूचना के आधार पर जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात उक्त परिसर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वहां बड़े पैमाने पर विभिन्न ब्रांडों के नाम पर नकली गुटखा और जर्दा का अवैध निर्माण एवं पैकेजिंग होते हुए पाया गया।

 छापेमारी में बरामद पैकेटों पर चालुओपाल C4, जयपाल 4, दास पट्टी, भाल GPL, चालुपाल C1, सुरभि 55, स्पाइसी मिक्स S-5, गोपाल इंडस्ट्रीज परफ्यूमरी 285 और गोपाल इंडस्ट्रीज परफ्यूमरी 505 जैसे ब्रांड नाम अंकित मिले।

 पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान 22 बोरियों में भरे 660 किलोग्राम नकली जर्दा और गुटखा, 360 किलोग्राम पैक्ड जर्दा-गुटखा, छह निर्माण मशीनें, प्लास्टिक के कंटेनर, करीब 1 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन तथा OD 05 AG 4101 नंबर की एक कार जब्त की गई है।

 पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया और उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। अवैध फैक्ट्री में इस्तेमाल किए जा रहे कच्चे माल के स्रोत और इसके वितरण नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: