सेवाश्रय शिविरों में हुई अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई

  • Jul 25, 2026
Khabar East:Legal-action-against-those-responsible-for-irregularities-in-Sevashray-camps
कोलकाता,25 जुलाईः

पश्चिम बंगाल विधानसभा में सेवाश्रय शिविरों में कथित भ्रष्टाचार और चिकित्सा अनियमितताओं का मुद्दा जोरदार ढंग से उठा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस मामले को बड़ा घोटाला बताते हुए कहा कि जांच एजेंसियां सभी साक्ष्य जुटाकर भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने बिना नाम लिए तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस मामले में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगामुख्यमंत्री ने बताया कि सेवाश्रय शिविरों में कथित भ्रष्टाचार के मामले में विष्णुपुर थाना में कई प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा घोटाला है और चिकित्सा शिविरों में हुई अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली गई है। उनके अनुसार सभी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और उचित समय पर भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के अनुसार कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा, “चिटिंगबाज भतीजे ने जो किया है, उसमें एक बार अंदर गया तो बाहर नहीं निकल पाएगा। यह हत्या का मामला है और उसे कोई बचा नहीं सकेगा।

 मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सेवाश्रय चिकित्सा शिविरों में इलाज कराने वाले कई मरीज गंभीर रूप से शारीरिक नुकसान के शिकार हुए हैं। इस दौरान उन्होंने विधानसभा में प्रभावित मरीजों की तस्वीरें भी प्रस्तुत कीं, जिनमें पहचान छिपाने के लिए चेहरों को धुंधला किया गया था। उन्होंने तस्वीरें दिखाते हुए कहा कि कुछ बच्चों के हाथ प्रभावित हुए, कुछ स्थायी रूप से दिव्यांग हो गए, जबकि अन्य मरीजों को भी गंभीर शारीरिक क्षति पहुंची। मुख्यमंत्री ने इन मामलों को चिकित्सा लापरवाही और गंभीर अनियमितता का उदाहरण बताया।

 मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सेवाश्रय शिविरों के संचालन के दौरान सरकारी अस्पतालों की अल्ट्रासोनोग्राफी मशीनें, एक्स-रे मशीनें, दवाइयां और यहां तक कि सरकारी अस्पतालों के चिकित्सकों को भी बाहर ले जाकर इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान कई अल्ट्रासोनोग्राफी और एक्स-रे मशीनें बरामद की जा चुकी हैं। साथ ही तृणमूल कांग्रेस विधायक दिलीप मंडल के गोदाम से बरामद दवाइयों को भी जब्त कर लिया गया है।मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सेवाश्रय शिविरों में मरीजों को एक्सपायरी दवाएं तक दी गईं। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में किसी भी दोषी को नहीं छोड़ा जाएगा और सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: