बीपीआरओ का बोर्ड लगी स्कॉर्पियो से शराब बरामद, एक गिरफ्तार

  • Jul 16, 2026
Khabar East:Liquor-recovered-from-Scorpio-boarded-by-BPRO-one-arrested
औरंगाबाद,16 जुलाईः

जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बीपीआरओ का बोर्ड और "बिहार सरकार" लिखी स्कॉर्पियो से शराब बरामद की गई है। पुलिस ने वाहन जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चालक समेत दो आरोपी फरार हो गए। अब सरकारी पदनाम और बोर्ड के दुरुपयोग की भी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बीपीआरओ (प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी) बारुण का बोर्ड लगी एक स्कॉर्पियो से शराब बरामद की है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और मौके से जोकहरी गांव निवासी सूरजभान पासवान को गिरफ्तार किया है। वहीं चालक भावेश चौबे समेत दो लोग पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। मामले में जम्होर थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार गुप्ता ने बताया कि सूचना मिली थी कि "बिहार सरकार" लिखी एक स्कॉर्पियो में शराब और शराब के सेवन से जुड़े लोग सवार हैं। सूचना के आधार पर जगदीशपुर गांव के पास घेराबंदी की गई। पुलिस को देखते ही वाहन सवार भागने लगे,लेकिन एक आरोपी को पकड़ लिया गया।

 वाहन की तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से 500 एमएल का एक बीयर कैन बरामद हुआ। इसके बाद शराब और वाहन को जब्त कर थाना लाया गया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि स्कॉर्पियो भावेश चौबे चला रहा था और उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था,जो मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी,फरार चालक और स्कॉर्पियो के मालिक के खिलाफ बिहार राज्य संशोधित उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: