केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान कोलकाता मेट्रो में सफर कर यात्रियों से फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने यहां ऑटो-रिक्शा की सवारी भी की। जब अश्विनी वैष्णव कोलकाता एयर पोर्ट पर पहुंचे तो वे पास के मेट्रो स्टेशन की ओर रवाना हुए, जहां उन्होंने यात्रियों से बातचीत की और सेवाओं के बारे में उनके अनुभव को जानने की कोशिश की।
राज्य मंत्री जगन्नाथ चटर्जी और सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो के साथ उन्होंने जय हिंद (एयरपोर्ट) स्टेशन से नोआपारा के लिए मेट्रो पकड़ी। बता दें, रेल मंत्रालय ने भी इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी है। रेल मंत्रालय ने लिखा, अश्विनी वैष्णव ने जय हिंद स्टेशन से नोआपारा स्टेशन तक कोलकाता मेट्रो में यात्रा की, इस दौरान यात्रियों से बातचीत की और शहर में मेट्रो सेवाओं पर प्रतिक्रिया ली।
नोआपारा से अश्विनी राज्य मुख्यालय नबन्ना की ओर रवाना हुए, जहां बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ उनकी बैठक निर्धारित थी। नोआपारा क्षेत्र में यातायात की समस्या के कारण केंद्रीय मंत्री का वाहन बेलघोरिया एक्सप्रेसवे पर प्रमोद नगर में खड़ा किया गया था। वे मेट्रो स्टेशन से प्रमोद नगर तक ऑटो रिक्शा से गए और फिर कार से नबन्ना के लिए रवाना हुए। केंद्रीय मंत्री ने कम सुरक्षा व्यवस्था के साथ यात्रा की और सामान्य यातायात प्रोटोकॉल का पालन किया।
अपनी यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए वैष्णव ने बताया कि केंद्र सरकार कोलकाता मेट्रो के विस्तार की योजना बना रही है। केंद्रीय मंत्री ने मेट्रो प्रणाली में बड़े सुधारों की योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की, जिसमें अगले 4-5 सालों में लगभग 60 नई जनरेशन की ट्रेनों की शुरुआत शामिल है।