ओडिशा सरकार ने 18 जुलाई 2026 को पुरी स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर का संयुक्त तकनीकी निरीक्षण कराने का निर्णय लिया है। कार्य विभाग (वर्क्स डिपार्टमेंट) की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, यह निरीक्षण श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रशासन (SJTA) की तकनीकी समिति और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI), पुरी सर्किल के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। निरीक्षण 18 जुलाई की सुबह 10:30 बजे शुरू होगा।
संयुक्त निरीक्षण के बाद एसजेटीए कॉन्फ्रेंस हॉल अथवा पीडब्ल्यूडी इंस्पेक्शन बंगला, निर्माण निवास, पुरी में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में निरीक्षण के दौरान सामने आए निष्कर्षों पर चर्चा की जाएगी और आगे की आवश्यक कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।
निरीक्षण को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सरकार ने एएसआई से गर्भगृह, जगमोहन और नाटमंडप के भीतर आवश्यक मंच (स्टेजिंग) की व्यवस्था करने का अनुरोध किया है।
कार्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह मंदिर की संरचनात्मक स्थिति का आकलन करने के लिए हर वर्ष की जाने वाली नियमित वार्षिक तकनीकी जांच है, जो रथयात्रा से पहले आयोजित की जाती है।
इस संयुक्त निरीक्षण से संबंधित आधिकारिक पत्र कार्य विभाग के ईआईसी-सह-विशेष सचिव इंजीनियर लक्ष्मीकांत पाढ़ी ने एएसआई, पुरी सर्किल के अधीक्षण पुरातत्वविद् को भेजा है।