संबलपुर–बरगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 53 पर अताबिरा के पास गुरुवार सुबह दमदमा पुल पर ‘बंटी’ नामक एक निजी बस के पलट जाने से 20 से अधिक यात्री घायल हो गए।
यह हादसा सुबह करीब 8 बजे उस समय हुआ, जब बस संबलपुर से बरगढ़ की ओर जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल पार करते समय वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे बस फिसलकर दमदमा पुल के बीचोंबीच अचानक रुक गई और पलट गई। इस दौरान कई यात्री कुछ समय के लिए अंदर फंस गए, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर अत्ताबिरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। हालांकि, कुछ गंभीर रूप से घायल यात्री उपचार के लिए सीधे निजी अस्पतालों में चले गए।