ओडिशा में मधुबाबू पेंशन योजना के तहत 5,05,817 नए लाभार्थियों को शामिल किया गया है। इसके साथ ही योजना के कुल लाभार्थियों की संख्या बढ़कर 41,80,825 हो गई है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को बालेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में योजना के पूर्ण कवरेज की घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने यूनिफाइड पेंशन मैनेजमेंट पोर्टल (UPMP) भी लॉन्च किया। रिजर्व पुलिस लाइन मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल के बजट में किए गए वादे के अनुरूप नए पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ा गया है। इससे सरकार पर सालाना करीब 625 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में पेंशन के लिए निर्धारित कोटा व्यवस्था लागू थी। इसके तहत किसी नए पात्र व्यक्ति को पेंशन तभी मिलती थी, जब किसी मौजूदा लाभार्थी की मृत्यु से जगह खाली होती थी। उनकी सरकार ने इस व्यवस्था को समाप्त कर दिया है, ताकि कोई भी पात्र बुजुर्ग, विधवा, निराश्रित या दिव्यांग व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गों को उनके अधिकारों से वंचित कर सरकारी खर्च बचाना उचित नहीं है। इस राशि को उनके कल्याण और सम्मान में निवेश के रूप में देखा जाना चाहिए।
नए लॉन्च किए गए यूपीएमपी पोर्टल के जरिए पात्र व्यक्ति ऑनलाइन पेंशन के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा नजदीकी जन सेवा केंद्र या प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय में भी आवेदन जमा किया जा सकेगा। आवेदन के अगले महीने से नियमित पेंशन भुगतान शुरू होगा।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 80 वर्ष की आयु पूरी करने पर लाभार्थियों की मासिक पेंशन स्वतः बढ़कर 3,500 रुपये हो जाएगी। इसके लिए दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी।
नए लाभार्थियों को अक्टूबर और नवंबर की पेंशन एक साथ दी जाएगी। इसके लिए 11 से 13 नवंबर तक जिला स्तर और 18 से 20 नवंबर तक प्रखंड स्तर पर वितरण कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो पाने वाले लाभार्थी 25 नवंबर को ग्राम पंचायत या नगर पालिका कार्यालय से नकद पेंशन प्राप्त कर सकेंगे। दिसंबर से हर महीने की 15 तारीख को नियमित भुगतान किया जाएगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बालेश्वर जिले में 78 करोड़ रुपये की लागत वाली 28 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 262 करोड़ रुपये की 42 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं पर कुल 340 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने मधुबाबू पेंशन योजना के जागरूकता अभियान वाहन को भी रवाना किया और कई लाभार्थियों को पेंशन सहायता प्रदान की।
उपमुख्यमंत्री प्रभाति परिड़ा ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उद्यमिता से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से छोटे और मध्यम उद्यमों को बढ़ावा दिया जा सकता है।
सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण तथा स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने कहा कि पेंशन आर्थिक सहायता के साथ बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों के सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा का माध्यम है।
कार्यक्रम में बालेश्वर सांसद प्रताप चंद्र षड़ंगी, आवास एवं शहरी विकास मंत्री कृष्ण चंद्र महापात्र, उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज, सहकारिता मंत्री प्रदीप बल सामंत, वन एवं पर्यावरण मंत्री गणेश राम सिंह खुंटिया, रेमुना विधायक गोबिंद चंद्र दास सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।