बिहार के भोजपुर में रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर रामकुमार सिंह हत्याकांड के आरोपी का शुक्रवार सुबह पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। बहोरनपुर थाना क्षेत्र के सारंगपुर मोड के पास हुई इस मुठभेड़ में गोली लगने से आरोपी शूटर गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस की इस जवाबी कार्रवाई में गोली सीधे शूटर के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी है, जिसके तुरंत बाद आरोपी शूटर गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस गिरफ्त में आए शूटर की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा हाउसिंग निवासी निर्मल यादव के रूप में हुई है। घटना के संबंध में भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर हत्याकांड में शामिल इस आरोपी शूटर को पहले गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार को छिपाने वाले गुप्त स्थान की जानकारी दी थी, जिसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर निशानदेही पर हथियार बरामद करने सारंगपुर मोड पहुंची थी। हथियार के ठिकाने पर पहुंचते ही आरोपी निर्मल यादव ने मौका पाकर पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।