विशेष जांच अभियान में तीन वाहन जब्त, 26 का कटा चालान

  • Oct 01, 2026
Khabar East:Three-vehicles-seized-and-26-challans-issued-during-a-special-inspection-drive
धमतरी,01 अक्टूबरः

छत्तीसगढ़ के धमतरी  जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस सख्त हो गई है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नया बस स्टैंड और अर्जुनी मोड़ क्षेत्र में वाहन जांच की गई। इस दौरान ऑटो, ई-रिक्शा सहित अन्य वाहनों की जांच के साथ चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से शराब की जांच की गई, जिससे नशेड़ियों में हड़कंप मच गया। नया बस स्टैंड में जांच के दौरान एक ई-रिक्शा चालक और दो मोटरसाइकिल चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर संबंधित चालकों के खिलाफ प्रकरण तैयार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू की। अर्जुनी मोड़ पर करीब 145 ऑटो एवं ई-रिक्शा की जांच की गई। दस्तावेज, फिटनेस, सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों का पालन देखा गया। कमियां पाए जाने पर 22 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई, जबकि चार वाहनों के खिलाफ ई-चालान किया गया। वाहन चालकों को यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और आवश्यक दस्तावेज व सुरक्षा मानक दुरुस्त रखने की हिदायत दी गई।

 धमतरी यातायात पुलिस के अनुसार, इस वर्ष अब तक 391 शराबी वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर यान अधिनियम के तहत प्रकरण न्यायालय में पेश किए जा चुके हैं। पुलिस ने कहा कि, शराब के नशे में वाहन चलाना चालक के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: