जिले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित नक्सली संगठन जेजेएमपी के दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सलियों में लातेहार के महादेव सिंह और पलामू के पांकी के मनोज लोहरा शामिल हैं। पुलिस ने इन दोनों नक्सलियों को मनिका थाना क्षेत्र के कुरूमखेता जंगल से गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक एके-47 राइफल, 2 एसएलआर राइफल समेत भारी संख्या में गोलियां भी बरामद हुई हैं। दरअसल, लातेहार एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरुमखेता जंगल के आसपास प्रतिबंधित नक्सली संगठन जेजेएमपी के कुछ नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए इकट्ठा हुए हैं। सूचना मिलने के बाद एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर मनिका थाना प्रभारी प्रभात दास और थाना प्रभारी यकीन अंसारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।इसके बाद छापेमारी कर पुलिस ने दो नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गिरफ्तार नक्सलियों ने बताया कि वे लोग नक्सली संगठन जेजेएमपी के नक्सली हैं। बाद में तलाशी के दौरान उनके पास से एक एके-47 राइफल, दो एसएलआर राइफल, 318 गोलियां समेत कई अन्य सामान बरामद किए गए।
इधर, इस संबंध में एसपी कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लेवी और रंगदारी की वसूली को लेकर नक्सली किसी घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद या हिंसा के रास्ते पर चलने वाले लोगों के पास अब एक ही रास्ता बचा हुआ है कि वह पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दें और समाज की मुख्य धारा में जुड़कर बेहतर जीवन शुरू करें। उन्होंने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को सरकारी प्रावधान के तहत सभी प्रकार की सुविधा दी जा रही है। लेकिन जो लोग नक्सलवाद का रास्ता अभी भी नहीं छोड़ेंगे, उन्हें गंभीर परिणाम भुगतना होगा।