उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव ने मंगलवार को ऊर्जा विभाग की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डिस्कॉम को आगामी गर्मी और कालबैशाखी (नॉरवेस्टर) मौसम के दौरान पूरे ओडिशा में निर्बाध और विश्वसनीय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लोक सेवा भवन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सिंहदेव ने राज्य की पीक समर डिमांड को पूरा करने और कालबैशाखी से होने वाली संभावित बाधाओं से निपटने की तैयारियों का आकलन किया। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव (ऊर्जा) विशाल कुमार देव, ओपीटीसीएल के सीएमडी भाष्कर ज्योति शर्मा तथा राज्य के सभी डिस्कॉम के सीईओ शामिल हुए।
उपमुख्यमंत्री ने डिस्कॉम को चौबीसों घंटे गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा में निपटाने को कहा। उन्होंने त्वरित शिकायत निवारण के लिए अतिरिक्त विशेष टीमों की तैनाती पर भी जोर दिया।
सिंह देव ने बिजली व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए मरम्मत और बहाली कार्यों में केवल गुणवत्तापूर्ण सामग्री और उपकरणों के इस्तेमाल के निर्देश दिए, ताकि बार-बार होने वाली तकनीकी खराबियों से बचा जा सके। उन्होंने उपभोक्ता केंद्रित सेवा पर बल देते हुए अधिकारियों को उपभोक्ताओं के साथ विनम्र और सक्रिय व्यवहार अपनाने को कहा।
बैठक में विद्युत सुरक्षा उपायों की भी समीक्षा की गई। सिंह देव ने बिजली लाइनों और प्रतिष्ठानों के पास होर्डिंग और बिलबोर्ड लगाने को लेकर सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने डिस्कॉम को शहरी स्थानीय निकायों के साथ समन्वय कर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि तेज हवाओं और तूफान के दौरान दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
राज्य सरकार की 24×7 विश्वसनीय बिजली आपूर्ति की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उपमुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को गर्मी के मौसम में हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने ऊर्जा विभाग और डिस्कॉम को बैठक में तय किए गए बिंदुओं पर साप्ताहिक अनुपालन रिपोर्ट मांगी।