मूर्ति विसर्जन के दौरान दो गुटों में झड़प, चार पुलिसकर्मी घायल

  • Oct 20, 2018
Khabar East:Two-factions-clash-during-statue-immersion-four-policemen-injured
रांची20 अक्टूबरः

पलामू के चैनपुर थाना इलाके के चांदों गांव में देर रात मूर्ति विसर्जन के दौरान दो गुटों में झड़प हो गई। इस दौरान दोनों गुटों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। घटना में मौके पर तैनात चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।  सभी घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। दरअसल, चैनपुर थाना इलाके के चांदो गांव में दुर्गा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान रूट में बदलाव किए जाने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया था। विवाद के बाद दोनों गुटों में जमकर झड़प हुई और पत्थरबाजी भी की। इस दौरान चार दुकानों को भीड़ ने आग के हवाले कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उपद्रव रोकने की कोशिश की, लेकिन भीड़ ने पुलिसकर्मियों को निशाना बना लिया और पुलिस वालो को ही घायल कर दिया। मामले को लेकर डीसी डॉ. शांतनु कुमार व एसपी इंद्रजीत महथा ने चैनपुर थाने में संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर चांदो व सतबरवा के बकोरिया गांव में दो समुदायों में हुई झड़प के मामले की जानकारी दी।

 डीसी कुमार ने बताया कि मौके पर मजिस्ट्रेट व अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है फिलहाल हालात सामन्य है। एसपी इंद्रजीत महथा ने बताया कि सतबरवा के बकोरिया व चैनपुर के चांदो गांव में धारा 144 लागू की गई है। कई शरारती तत्वों को पुलिस ने चिन्हित किया है, वहीं झड़प में घायल लोगों को सदर अस्पताल भिजवाया है, जबकि घायल पुलिस के जवानों का भी सदर अस्पताल में ही इलाज जारी है। फिलहाल स्थिति सामान्य है और प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: