पुलिस अधिकारियों के खिलाफ शिकायत मिलने पर अब होगी डिमोशन की कार्रवाई

  • Mar 20, 2026
Khabar East:Upon-receipt-of-complaints-against-police-officers-action-involving-demotion-will-now-be-initiated
पटना,20 मार्चः

बिहार पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अब सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। डीजीपी विनय कुमार ने भ्रष्ट और मनमानी करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दे दी है। उन्होंने साफ लफजों में कहा है कि अब केवल निलंबन (सस्पेंशन) से काम नहीं चलेगा, बल्कि दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मी पर सीधे पदावनति (डिमोशन) की कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, पिछले कुछ समय से थानों में तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही है। जनसुनवाई और पुलिस मुख्यालय में आने वाली शिकायतों में रिश्वतखोरी, लापरवाही और अवैध गतिविधियों में संलिप्तता जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। इसके बाद पुलिस मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी जिलों के एसपी को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे कर्मियों की पहचान करें और उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

 अब तक लापरवाही बरतने पर या शिकायतें मिलने पर पुलिसकर्मियों को सिर्फ निलंबित किया जाता था, बाद में उन्हें राहत मिल जाती थी। कई बार निलंबन अवधि का वेतन भी मिल जाता था,जिससे कार्रवाई का प्रभाव कम हो जाता था। इसी को देखते हुए अब डिमोशन जैसे कड़े कदम उठाने की तैयारी की गई है, ताकि दोषियों को स्थायी सजा मिल सके और विभाग में अनुशासन कायम हो।  पुलिस मैनुअल में पहले से ही डिमोशन का प्रावधान मौजूद है, जिसके तहत इंस्पेक्टर को दारोगा या दारोगा को जमादार बनाया जा सकता है। डीजीपी का मानना है कि इस सख्ती से न केवल भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी, बल्कि आम जनता का भरोसा भी पुलिस पर मजबूत होगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: