थाना के सामने चौकीदार की चाकू गोदकर हत्या, मुखबिरी के शक में घेरकर मारा

  • May 11, 2026
Khabar East:Watchman-Stabbed-to-Death-in-Front-of-Police-Station-Mobbed-and-Killed-on-Suspicion-of-Being-an-Informer
नवादा,11 मईः

बिहार के नवादा में हत्या का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस थाना के सामने एक चौकीदार की चाकू गोदकर हत्या कर दी गयी। जिले के पकरीबरावां प्रखंड अंतर्गत धमौल थाना के ठीक सामने घटना को अंजाम दिया। चौकीदार जितेंद्र पासवान जब ड्यूटी खत्म कर लौट रहे थे तभी बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। चौकीदार कादिरगंज थाना में पदस्थापित थे और बेरमी गांव के रहने वाले थे। ड्यूटी खत्म कर अपने घर आ रहे थे। इसी दौरान बेरमी मोड़ पर एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने चौकीदार को घेर लिया और लाठी डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान चाकू से शरीर पर कई जगह वार किए गए। इसी बीच पुलिस की जीप पहुंच गयी, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चौकीदार को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल चौकीदार को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरीबरावां में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी हालत नाजुक देखते हुए पावापुरी वीम्स रेफर कर दिया गया। बाद में उन्हें पटना के पीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां रविवार की देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

 बताया जा रहा है कि चौकीदार जितेंद्र पासवान ने तुर्कवन गांव में अवैध शराब बिक्री की सूचना पुलिस को दी थी। इसी बात से नाराज होकर चौकीदार की हत्या कर दी गयी। हत्या का आरोप आनंदी यादव के पुत्र रामपत कुमार पर लगा है। जानकारी के अनुसार उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना की पुष्टि पकरीबरावां थानाध्यक्ष ने की। घटना की जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: