ओडिशा के भद्रक जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मरीज समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब एंबुलेंस डिवाइडर से टकरा गई। जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से एक गंभीर रूप से बीमार महिला मरीज को कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जा रही थी। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर तिसालपुर चौक के पास एंबुलेंस सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई।
बताया जा रहा है कि एंबुलेंस राजमार्ग पर चल रही एक बोलेरो गाड़ी से भी रगड़ खा गई, जिसके बाद चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और हादसा हो गया।
मृतकों की पहचान एक महिला और उसकी पोती के रूप में हुई है। घायलों में महिला का बेटा, बहू और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से दमकल विभाग के कर्मियों ने घायलों को बचाया और उन्हें भद्रक जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सूचना मिलने पर भद्रक ग्रामीण पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर एंबुलेंस चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है।