ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के नयापल्ली इलाके में शुक्रवार को सड़क पार कर रहे एक 50 वर्षीय व्यक्ति को तेज रफ्तार काली एसयूवी ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
रिपोर्ट के अनुसार, घायल व्यक्ति की पहचान भुवनेश्वर के बाहरी इलाके भरतपुर निवासी विभूति भूषण चइनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मिठाई खरीदने के बाद सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ने रुकने के बजाय मौके से भागने का रास्ता चुना।
घायल व्यक्ति को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद नयापल्ली पुलिस ने एसयूवी और उसके चालक की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने और संबंधित वाहन का सुराग जुटाने के लिए घटनास्थल तथा आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।