ओडिशा पुलिस कैंपस चुनाव से जुड़ी घटनाओं में कथित तौर पर शामिल बाहरी लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई करेगी। राज्य के प्रभारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनयतोष मिश्रा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि बाहरी लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाती है, तो पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाएगी।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मिश्रा ने बताया कि ओडिशा के करीब 300 कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में आठ साल के अंतराल के बाद छात्र संघ चुनाव आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि राज्यभर में चुनाव काफी हद तक शांतिपूर्ण रहे।
मिश्रा ने कहा कि कुछ छोटी-मोटी घटनाओं को छोड़कर राज्यभर में चुनाव शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुए। हमारा उद्देश्य हिंसामुक्त चुनाव सुनिश्चित करना और बाहरी लोगों को कॉलेज परिसरों में प्रवेश करने से रोकना था।
उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान बाहरी लोगों के हस्तक्षेप को रोकने पर विशेष ध्यान दिया गया। इस काम में कॉलेज प्रशासन और छात्रों का भी सहयोग मिला।
प्रभारी डीजीपी ने कहा कि चुनाव बिना किसी बड़ी हिंसक घटना के संपन्न हो गए। उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न होने को राज्य के भविष्य के नेतृत्व के लिहाज से एक सकारात्मक संकेत बताया। उन्होंने कहा कि यदि गैर-छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाती है, तो हम सीसीटीवी फुटेज की जांच करेंगे और फिर साक्ष्य के आधार पर उचित कार्रवाई करेंगे।