ओडिशा में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ की स्थिति के बीच राहत एवं बचाव कार्यों के लिए ओडिशा अग्निशमन सेवा (फायर सर्विस) ने पांच जिलों में अपनी 60 टीमें तैनात की हैं। फायर सर्विस के महानिदेशक (डीजी) सुधांशु षड़ंगी ने बताया कि ये टीमें बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, मयूरभंज और केंदुझर जिलों में भेजी गई हैं। जलभराव और बाढ़ से घिरे इलाकों में बचाव कार्य के लिए टीमों को रबर बोट और मोटरचालित नौकाओं से सुसज्जित किया गया है।
षड़ंगी ने कहा कि पिछले 24 घंटों में हमारी टीमों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से 212 लोगों को सुरक्षित बचाया है। उन्होंने बताया कि मानव बचाव के अलावा टीमों ने घरेलू पशुओं को भी सुरक्षित निकालने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों से लोगों ने अपने पालतू और घरेलू पशुओं को बचाने का अनुरोध किया था। अब तक 120 घरेलू पशुओं को सुरक्षित निकाला जा चुका है।
फायर सर्विस जलनिकासी (डी-वॉटरिंग) का कार्य भी कर रही है। षड़ंगी ने बताया कि अस्पतालों, बिजली उपकेंद्रों (सब-स्टेशनों) और ब्लॉक कार्यालयों सहित 45 स्थानों से पानी निकाला जा चुका है, जबकि जलनिकासी अभियान लगातार जारी है।
उन्होंने कहा कि सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर कम होने के बाद बचाव अभियान को और तेज किया जा सकेगा।
संकट में फंसे लोगों से सहायता लेने की अपील करते हुए डीजी ने कहा कि यदि आप किसी असुरक्षित या जलमग्न क्षेत्र में फंसे हुए हैं और बचाव की आवश्यकता है, तो तुरंत 112 पर कॉल करें। हमारी टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर आपकी सहायता करेगी।
सुधांशु षड़ंगी ने यह भी जानकारी दी कि राहत एवं बचाव अभियान के दौरान एक फायर फाइटर की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतक फायर फाइटर का घर तालचेर में था।