कटक के ऐतिहासिक बारबाटी स्टेडियम आगामी ओडिशा टी-20लीग के नए सत्र की मेजबानी के लिए तैयार है। टूर्नामेंट की शुरुआत 18 सितंबर से होगी। लीग में राज्य के कई प्रमुख क्रिकेटरों के साथ उभरती प्रतिभाएं भी हिस्सा लेंगी। इससे युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने और बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
टूर्नामेंट में ओडिशा की क्षेत्रीय क्रिकेट संस्कृति की भी झलक देखने को मिलेगी। इसमें कटक, भुवनेश्वर, केंदुझर और राज्य के अन्य क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली फ्रेंचाइजी शामिल होंगी। क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व से लीग में प्रतिस्पर्धा और रोमांच बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय टीमों के बीच प्रतिद्वंद्विता को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
टूर्नामेंट से पहले ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन (ओसीए) के सचिव संजय बेहरा ने कहा कि यह लीग राज्य में खिलाड़ियों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि हम ओडिशा टी-20 लीग शुरू करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। यह टूर्नामेंट हमारे खिलाड़ियों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे युवा क्रिकेटरों को राज्य की बेहतरीन प्रतिभाओं के खिलाफ खेलने, मूल्यवान अनुभव हासिल करने और भविष्य में बड़े मंचों के लिए खुद को तैयार करने का अवसर मिलेगा।
बेहरा ने खिलाड़ियों के लिए अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ दर्शकों के लिए बेहतर अनुभव सुनिश्चित करने की ओसीए की प्रतिबद्धता पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन अपने खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ संभव मंच प्रदान करने के साथ-साथ प्रशंसकों के लिए मनोरंजक अनुभव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमें एक बेहद प्रतिस्पर्धी सत्र की उम्मीद है, जिसमें हर टीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक होगी। मैं टूर्नामेंट के लिए सभी को शुभकामनाएं देता हूं। हमें उम्मीद है कि प्रशंसक रोमांचक क्रिकेट का आनंद लेंगे और पूरे उत्साह के साथ लीग का समर्थन जारी रखेंगे।
अनुभवी घरेलू क्रिकेटरों और होनहार युवा खिलाड़ियों के मिश्रण वाली ओडिशा टी-20 लीग से राज्य के क्रिकेट पारिस्थितिकी तंत्र के विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, यह उभरते खिलाड़ियों को क्रिकेट के उच्च स्तर तक पहुंचने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करेगी।