खोर्धा जिले के टांगी थाना क्षेत्र के कुहुड़ी-बेनीपाथर रोड पर पुलिस ने छापेमारी कर लगभग 50 लाख रुपये मूल्य की 500 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से करीब 30 ग्राम सोने के आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
बालूगांव एसडीपीओ संजय कुमार पटनायक ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एसपी विवेकानंद शर्मा के निर्देश और निगरानी में टांगी थाना आईआईसी आर.के. भुजबल के नेतृत्व में पुलिस टीम कुहुड़ी तालगड़ा इलाके में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान ब्राउन शुगर के सौदे की योजना बनाई जा रही थी, तभी पुलिस ने मौके पर छापा मारकर एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है -
अतशी रंजन माझी उर्फ बापू (33), निवासी सोरो, बालेश्वर।
एसके असरफ उर्फ बिभूति (28), निवासी नया बाजार, बालेश्वर।
और आकाश सेठी (23), निवासी बौध जिले के बुटुपाली-रंजनपाली, जो वर्तमान में खोर्धा के जमादीपुर में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 500 ग्राम ब्राउन शुगर, एक सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी (OD 22 T 4474), तीन मोबाइल फोन, 70 हजार रुपये नकद, एक केटीएम मोटरसाइकिल (OD 01 JZ 9829), दो सोने की चेन (8.35 ग्राम और 10 ग्राम), झुमके (2 ग्राम), तीन ईयर स्टड (9.32 ग्राम), दो नथ (0.84 ग्राम) और दो लॉकेट (1.80 ग्राम) जब्त किए हैं।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b)(2)C/29 के तहत मामला संख्या 356/2026 दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया है। मामले की आगे की जांच एसआई सुनील कुमार मुर्मू को सौंपी गई है।