इंडियन आइडल सीजन-16 की विजेता ज्योतिर्मयी नायक को सीएम माझी ने दी बधाई

  • Jul 27, 2026
Khabar East:CM-Majhi-Congratulates-Jyotirmayee-Nayak-On-Winning-Indian-Idol-Season-16
भुवनेश्वर,27 जुलाईः

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इंडियन आइडल सीजन-16 की विजेता बनीं ओडिशा की प्रतिभाशाली गायिका ज्योतिर्मयी नायक को हार्दिक बधाई दी है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में ज्योतिर्मयी को "ओडिशा की बेटी" बताते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर पूरे राज्य का नाम रोशन किया है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा, "इंडियन आइडल सीजन-16 की विजेता बनकर पूरे देश में अपनी पहचान बनाने वाली ओडिशा की बेटी ज्योतिर्मयी नायक को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई। उनकी यह उपलब्धि ओडिशा के अनगिनत युवा प्रतिभाओं और उभरते कलाकारों के लिए बड़ी प्रेरणा है। मैं उनके उज्ज्वल और सफल भविष्य की कामना करता हूं।"

 ज्योतिर्मयी नायक की इस ऐतिहासिक जीत का पूरे ओडिशा में उत्साह के साथ स्वागत किया जा रहा है। उनकी सफलता को राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और संगीत परंपरा के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है।

जानकारी के लिए बता दें कि ज्योतिर्मयी नायक ओडिशा के बालेश्वर ज़िले के नीलगिरि ब्लॉक के बौंसनाल गांव की रहने वाली हैं। वह ओडिया म्यूज़िक इंडस्ट्री की एक लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर और ट्रेंड म्यूज़िक थेरेपिस्ट हैं, जो कैंसर के मरीज़ों और गर्भवती महिलाओं के साथ काम करती हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: