ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और बीजू जनता दल (बीजेडी) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने वरिष्ठ बीजेडी नेता एवं राज्य के पूर्व मंत्री सुषांत सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पश्चिम ओडिशा के प्रमुख नेताओं में शामिल सुषांत सिंह ने बीजेडी के टिकट पर वर्ष 2009, 2014 और 2019 में लगातार तीन बार भटली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। हालांकि, 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्हें भाजपा के इरासिस आचार्य के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा।
नवीन पटनायक सरकार में सुषांत सिंह ने पहले श्रम एवं रोजगार मंत्री तथा बाद में ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई थीं।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अपने शोक संदेश में कहा,
"ओडिशा सरकार के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता सुषांत सिंह के निधन का समाचार सुनकर मुझे गहरा दुःख हुआ है। मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और महाप्रभु श्री जगन्नाथ से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।"
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री एवं बीजेडी सुप्रीमो नवीन पटनायक ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा,
"पूर्व मंत्री और बीजू जनता दल के वरिष्ठ सदस्य सुषांत सिंह के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उनके निधन से पार्टी ने एक कुशल संगठनकर्ता और लोकप्रिय नेता को खो दिया है। बीजू जनता दल को मजबूत बनाने और जनसेवा में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। मैं दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं तथा इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।"
जानकारी के अनुसार, सुषांत सिंह के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए पहले ओडिशा विधानसभा परिसर ले जाया जाएगा, जहां जनप्रतिनिधि और विधायक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा।