बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवात ‘अक्वान’ धीरे-धीरे तट की ओर बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, यह चक्रवात आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकरा सकता है।
मौमस विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, चक्रवाती सिस्टम 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिण ओडिशा के तटों की ओर बढ़ रहा है। इसका केंद्र गोपालपुर से लगभग 710 किलोमीटर, पुरी से 770 किलोमीटर और विशाखापट्टनम से 580 किलोमीटर दूर स्थित था।
चक्रवात के संभावित लैंडफॉल क्षेत्र को लेकर मौसम विभाग के पूर्वानुमान में बदलाव हुआ है। इससे पहले इसके नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच तट से टकराने की संभावना जताई गई थी। हालांकि, अब इसके आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट पार करने का अनुमान है।
इस बीच, चक्रवात ‘अक्वान’ दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य हिस्से में भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, इसके भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में तट पार करने की संभावना है। इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर गति 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि झोंकों की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।